जिले के 462 खुशनसीब लोगों का हज यात्रा का ख्वाब पूरा होगा। राज्य हज समिति की ओर स लखनऊ में निकाली गई लॉटरी में इन खुशनसीबों का नाम आया है। लाटरी में नाम सामने आते ही इन जाइरीन के परिवारों में खुशी का माहौल है। अब इनके प्रशिक्षण की तारीख तय कर इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा एक महीने बाद एक और लाटरी खोली जाएगी । जिसमें कुछ लोगों के नाम फाइनल होंगे जबकि कुछ लोगों के नाम प्रतीक्षा सूची में होंगे।
पिछले साल जिले से 843 जायरीनों को हज यात्रा पर जाने का सौभाग्य मिला था। हज कमेटी में वाराणसी से मुु. अबरार और मऊ से फुजैल अहमद तथा शहजादे खान की ओर से हज यात्रियों को प्रशिक्षण दिया गया था। हज यात्रा पर जाने के लिए इच्छुक लोगों को आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अपनानी होती है। सरकार ने अब पारदर्शिता के उद्देश्य से लाटरी पद्धति से जायरीनों के नाम निकाले जा रहे हैं।
इस बाबत जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी लालमन ने बताया कि पहली बार निकाली गई लाटरी में जिले के 462 लोगों को हज यात्रा पर जाने का मौका मिलेगा। इसके अलावा अभी एक बार और लाटरी निकाली जाएगी तो इसमें और भी आवेदकों को मौका मिलने की संभावना रहेगी। इस दूसरी लाटरी में वेटिंग लिस्ट भी बनाई जाएगी , इसमें भी जिले के आवेदकों के नाम शामिल रहेंगे। इसके बाद हज यात्रियों का टीकाकरण किया जाएगा और उसके बाद उन्हें शिविरों का आयोजन करके टीकाकरण किया जाएगा।