कोपागंज (मऊ)। वर्षों से क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटौरा डोरीपुर में गोवर्धन कूटने को लेकर चले आ रहे विवाद का अब तक राजस्व विभाग पटाक्षेप नहीं कर पाया। शुक्रवार को गोवर्धन पूजा के लिए जैसे ही ग्रामीण पूजा स्थल पहुंचे तो प्रतिवादी द्वारा वहां पानी भर दिया था जिससे समस्या उत्पन्न हो गई। पुलिस के समझाने के बाद भी मामला हल होता न देख सीओ घोसी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और विपक्षी से बात कर जल्द समस्या को दूर करने की बात कही और विपक्षी को इस जमीन के बदले अन्यत्र जमीन देने की बात कही। तब जाकर ग्रामीण जमीन की साफ सफाई कर गोवर्धन पूजा किए।
कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटौराडोरीपुर में शुक्रवार की सुबह जैसे ही ग्रामीण गोवर्धन पूजा के लिए मौके पर गए तो देखा कि वहां पानी भरा हुआ है। ग्रामीण पूजा न करने पर अड़ गए। ग्रामीण और विपक्षी में नाक झोक होने लगी। मामला बिगड़ता देख सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरिराम मौर्या सहित पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच ग्रामीणों एवं विपक्षी को समझाने का प्रयास करने लगे। मामला न बनता देख उन्होंने तुरंत पूरे मामले से जिला के आला अधिकारियों को अवगत कराया। सूचना मिलते ही सीओ घोसी नंदलाल मौके पर पहुंचकर मामले को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। इस अवसर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।