मऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आगामी 8 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को दीवानी कचहरी परिसर से बुधवार को जिला जज सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जिला जज ने लोगों से मुकदमों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुलह समझौता और जुर्म स्वीकृति के आधार पर कराने की अपील की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे बाकर शमीम रिजवी ने बताया कि प्रचार वाहन दीवानी कचहरी परिसर से गाजीपुर तिराहा होते हुए आजमगढ़ मोड़ से मिर्जाहादीपुरा होकर मतलूपुर मोड़ से होते हुए मुहम्मदाबाद गोहना तहसील पहुंचा।
बताया कि प्रचार वाहन जनपद के समस्त तहसील, मुख्यालय, विकासखंड एवं थानों, नगर तथा गांव-गांव तक जाकर आमजन मानस को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व के बारे में जानकारी देते लोगों को जागरूक करेगा। आगे बताया कि सभी प्रकार के मामले, जो जुर्माने से दण्डनीय हो, अथवा पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, विद्युत, टेलीफोन बिल, टैक्स , चेक बाउंस के मामलें, सुलह योग्य फौजदारी आदि मामलों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान एडीजे अशोक कुमार, एडीजे हरेंद्र प्रसाद, एडीजे राजीव वत्स, एडीजे जनार्दन यादव, एडीजे राजवीर सिंह, सीजेएम डाॅ. केपी सिंह, सिविल जज नसेहा वसीम , जेएम अर्पित गोयल, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दारोगा सिंह आदि लोग मौजूद रहे।