मधुबन थाना क्षेत्र के बिंदटोलिया गांव में शुक्रवार की शाम करीब छह बजे मामा के साथ मछली मारने गया एक किशोर घाघरा नदी में उतरने के दौरान गहरे पानी में चला गया। उसका मामा कुछ समझ पाता जब तक किशोर बहकर दूर जा चुका था। उधर किशोर के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर एनडीआरएफ टीम भी मधुबन पुलिस के साथ पहुंची और किशोर को खोजने लगी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार की दोपहर करीब दो बजे एनडीआरएफ टीम ने किशोर का शव घटनास्थल से दो किमी दूर से बरामद किया। घटना से बिंदटोलिया गांव में शोक छाया हुआ है।
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के तिवई बिंदवलिया निवासी शिवम 10 पुत्र जितन बिंद बीते 23 अप्रैल को अपनी मां चिंता देवी तथा भाई सत्यम, बहन नेहा, माया के साथ अपने ननिहाल बिंदटोलिया गांव आया हुआ था। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे वह और उसका भाई सत्यम अपने मामा रविन्द्र बिंद के साथ घाघरा नदी की ओर गया था। वहां अपने मामा को मछली मारते देख वह नदी में उतरने लगा। इसे देखकर उसके भाई ने उसे रोकना चाहा, लेकिन तब तक शिवम गहरे पानी में चला गया। यह देखकर उसके भाई की चीख पुकार सुनकर उसके मामा ने नदी में कूदकर उसे खोजने का प्रयास किया। उधर किशोर के नदी में डूबने की सूचना पर मधुबन पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम के गोताखोर नदी में डूबे किशोर को खोज बीन, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार की दोपहर करीब दो बजे दो किमी दूर एनडीआरएफ टीम को शिवम का शव उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना से मृतक की मां चिंता, भाई सत्यम, बहन नेहा, माया और उसके मामा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।