फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: गैस एजेंसी संचालकों के मोबाइल नंबर बंद, गेट पर लटके ताले

विज्ञापन
सहादतपुरा में भारत गैस एजेंसी के बाहर सुबह से लाइन में लगे लोग
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब रसोई घर तक पहुंच गया है। रसोई गैस के लिए लोग पूरे दिन एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं। इस बीच कई जगहों पर सिलिंडर सप्लाई में अनियमितता की जानकारी के बाद शुक्रवार को टीम ने चार गैस एजेंसी संचालकों के मोबाइल पर फोन किया।
विज्ञापन

इसमें तीन के मोबाइल नंबर बंद मिले, जबकि एक का फोन मिला तो उसने अपने पास सिलिंडर की उपलब्धता न होने की बात कही। सेमरी जमालपुर क्षेत्र के शिव शंकर एचपी गैस एजेंसी, सेमरी जमालपुर के गोदाम पर शुक्रवार को ताला बंद मिला। कई घंटे सिलिंडर लेकर पहुंचे ग्राहक वापस लौटने को मजबूर हुए।
पड़ताल के दौरान टीम ने सबसे पहले शुक्रवार की सुबह 10:59 बजे दोहरीघाट के लक्की गैस एजेंसी के संचालक के मोबाइल नंबर 8851943854 पर फोन किया। जहां टीम के साथी ने ग्राहक बनकर सिलिंडर की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली, तो संचालक ने बताया कि उसके एजेंसी पर गैस सिलिंडर नहीं आया है।
विज्ञापन

इससे पहले दोहरीघाट की कृष्णा गैस एजेंसी संचालक के मोबाइल 9493602222 पर सुबह 10:57 बजे फोन करने के बाद मोबाइल बंद था। गैस एजेंसी पर काम करने वाले कर्मी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुबह पांच बजे से सात बजे तक गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है।
गैस सिलिंडर की बुकिंग के बाद ओटीपी आने के दूसरे दिन बुलाया जा रहा है, जबकि आदेश है कि ओटीपी आने के बाद उपभोक्ता को सिलिंडर दे दिया जाएगा। वहीं टीम ने अदरी स्थित एक एजेंसी संचालक के मोबाइल 9455805489 पर फोन किया तो उसका मोबाइल शाम तक बंद था।
दूसरी ओर, भले ही प्रशासन लगातार सिलिंडर की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में होने की बात कह रहा हो, बावजूद एजेंसी पर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। शुक्रवार को नगर के मुंशीपुरा, शीतला माता मंदिर, पुरानी तहसील गली स्थित गैस एजेंसी, बकवल सहित कई एजेंसी पर लोगों की सिलिंडर के साथ बड़ी भीड़ दिखी।

सुबह आने के बाद किसी को नहीं मिली सिलिंडर
मझवारा। सेमरी जमालपुर क्षेत्र के शिव शंकर एचपी गैस एजेंसी, सेमरी जमालपुर के गोदाम पर शुक्रवार को ताला बंद मिलने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही 100 से ज्यादा लोग खाली गैस सिलिंडर लेकर गोदाम के बाहर लाइन में खड़े रहे, लेकिन गोदाम बंद होने के कारण उन्हें गैस नहीं मिल सकी। लोगों ने एजेंसी संचालक के मोबाइल 9415446695 पर सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2:33 बजे तक फोन किया, लेकिन मोबाइल नंबर बंद था। काफी देर इंतजार करने के बाद भी एजेंसी का कोई कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा। गैस लेने आए लोगों अरविंद राय, राधे कृष्णा पांडेय, जयशंकर, घूरा मद्धेशिया, पुष्कर, रामायन आदि लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के गोदाम बंद रहने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई महिलाएं और बुजुर्ग भी सुबह से धूप में सिलिंडर लेकर खड़े रहे, लेकिन उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

जमाखोरी करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी : डीएम
जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने बताया कि पश्चिम एशिया में बिगड़े हालात के चलते कुछ लोग जनपद में गैस सिलिंडर की पर्याप्त मात्रा न होने की अफवाह फैला रहे हैं। इसके अलावा, कुछ लोग गैस सिलिंडर के निर्धारित मानक से ज्यादा की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त गैस एजेंसियों के मालिकों एवं अन्य लोगों को सख्त निर्देश दिए कि गैस सिलिंडर के निर्धारित मानक से अधिक धनराशि पर ब्लैक मार्केटिंग एवं जमाखोरी करने पर संबंधित गैस एजेंसी के मालिकों एवं ब्लैक मार्केटिंग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, जनपद में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस सिलिंडर वितरित किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 12,499 गैस सिलिंडर का स्टॉक है और बृहस्पतिवार को कुल 8,272 गैस सिलिंडर की बिक्री हुई थी।

रसोई गैस की हुई किल्लत तो याद आया कोयला और लकड़ी
रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत ने लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने पर विवश कर दिया है। खासकर शादी-विवाह के अवसरों के अलावा दुकानदारों के सामने सिलिंडर की व्यवस्था एक चुनौती बन गई है। कैटरिंग वालों से लेकर होटल और मैरिज हॉल संचालक तक इस समस्या से जूझ रहे हैं। भोला गुप्ता ने बताया कि अब कोयले की भट्ठियों का उपयोग करना विवशता हो गई है। कोयले पर खाना बनाने में समय अधिक लग रहा है। कोयले की बिक्री दोगुनी हो गई है। कोयला व्यवसाई संजय सिंह परमार ने बताया कि दो दिनों में कोयले की मांग बढ़ गई है। लकड़ी के कारोबारी फिरोज खान उर्फ मुन्ना ने बताया कि लकड़ी की मांग इन दिनों कम हो गई थी, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से लकड़ी की बिक्री में तेजी आई है। लोग घर में चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी खरीद रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें