कोपागंज। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ग्राम सभा जोगरी में सरकारी नाले को कुछ लोगों द्वारा पाटे जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इसे लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी सहित सिंचाई विभाग को शिकायत की। अधिशासी अभियंता ने तत्काल इसे रोकने का निर्देश दिया। लेकिन इसके बाद भी नाले को पाटे जाने का कार्य जारी रहा। सूचना पर अधिशासी अभियंता ने ग्राम प्रधान को तुरंत कार्य रोकने को निर्देशित किया कहा कि कार्य नहीं रुका तो सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द इस अतिक्रमण को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
यह नाला मीरपुर रहीमाबाद, चौबेपुर, जोगरी, अन्नुपार होते हुए ग्रामसभा फतेहपुरताल नरजा स्थित तालाब तक बना हुआ है। ग्रामीणो ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की सह पर गांव के कुछ लोगों द्वारा 16 कड़ी चौड़े नाले को पाटकर अतिक्रमण किया जा रहा है। उसकी जगह छोटी ह्यूम पाइप लगाई जा रही है। गांव के सोनी यादव, सैय्यद जमालुद्दीन, अमृता देवी, तब्दीह अहमद, राहुल, घुरफेकन, रईश, मनोरमा, अंजर सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मांग किया है कि जल्द इसे लेकर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र पासवान ने कहा कि उच्चाधिकारियों को इस प्रकरण की जानकारी दे दी गई है।