आजमगढ़ तिराहा स्थित सजी दुकान से पूजा सामग्री लेते लोग।
मऊ। नवरात्र की पूर्व संध्या पर भक्तों ने पर्व की तैयारियां पूरी कर लीं। लोगों में उत्साह को देखते हुए तय है कि इस बार भी नौ दिनों तक होने वाली मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा धूमधाम से होगी।जिले में इस बार भी खास तौर से वनदेवी धाम, शीतला माता धाम, मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर, अष्टभुजी देवी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों पर भारी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के इंतजाम भी प्रशासन स्तर से किए गए हैं।
नवरात्र के अवसर पर नगर क्षेत्र के शीतलामाता धाम, वनदेवी मंदिर सहित जिले के अन्य इलाकों में मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर, निधियांव स्थित अष्टभुजी मंदिर सहित प्रमुख देवी मंदिरों पर भारी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। नगर स्थित शीतला माता मंदिर, आजमगढ़ मोड़ पर स्थित मां दुर्गा मंदिर, रोडवेज और फातिमा मोड़ पर स्थित माता दुर्गा मंदिर सहित ग्रामीण अंचलों के प्रमुख वनदेवी मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। बुधवार को नवरात्र की पूर्व संध्या पर एक ओर मंदिरों की सफाई और सजावट का कार्य पूर्ण कराया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों की आलौकिक छटा हर किसी को मंत्र मुग्ध कर रही है। वहीं भक्तों ने नौ दिवसीय पूजा की परंपरा निभाने के लिए तैयारियों को पूरा करने के क्रम में जमकर खरीदारी की। यही वजह थी कि नगर क्षेत्र समेत जिले के अन्य बाजारों में भी खरीदारों की भारी भीड़ नजर आई।
शुभ मुहुर्त सुबह 9.57 तक
मऊ। मुहम्मदाबादगोहना कस्बा निवासी पं. विरेंद्र शुक्ल ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्र हस्त नक्षत्र में शुरू हो रहे हैं, जो बहुत शुभ होंगे। शुभ मुहुर्त सूर्योदय से सुबह 9.57 तक सर्वोत्तम रहेगा।