घोसी कोतवाली क्षेत्र के खैरा मुहम्मदपुर गांव में 22 मई को हुई युवक की हत्या का खुलासा बृहस्पतिवार को घोसी पुलिस ने कर दिया।हत्या को अंजाम मृत युवक के करीबी दोस्त ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दिया था।हत्या का कारण मृतक और आरोपी द्वारा 2022 में एक हत्या की सुपारी लेने के बाद मिली रकम के बंटवारे को लेकर है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़कर चालान कर दिया, वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में दो टीमें कई जगहों पर दबिश दे रही है। घोसी कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर आरोपी फरार होने के मकसद से लाखीपुर मोड़ पर है।मौके पर घेराबंदी कर पुलिस ने घोसी कोतवाली क्षेत्र के खैरा मुहम्मदपुर निवासी विनित चौहान को पकड़ा।
बताया कि पकड़े गए आरोपी ने बीते 22 मई को अपने ही गांव निवासी रजनीश चौहान की हत्या करना कबूल किया, इस घटना को अंजाम वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिया था। हत्या का कारण बताया कि वह और रजनीश ने वर्ष 2022 में बलिया जिले में एक हत्या की घटना को अंजाम दिया था। इसमें रजनीश को 17 लाख रूपया मिला था।
बताया कि हत्या में वह जेल चला गया, इस बीच रजनीश भी जमानत पर छूटकर दिल्ली कमाने चला गया। जब वह जेल से छूटकर बाहर निकला तो रजनीश से संपर्क कर हत्या में मिली लाखों की रकम को आधे आधे हिस्से में बांटने की बात कही लेकिन रजनीश के मन में पूरी राशि अकेले हड़प करने का लालच आ गया था, जिसके चलते वह उससे न केवल कन्नी काट रहा था बल्कि साफ तौर पर राशि देने से इंकार दिया।
बताया कि वह जब दिल्ली से लौटा तो उसके द्वारा एक बार फिर से संपर्क कर उससे राशि मांगने की कोशिश की थी। जब राशि नहीं मिली तो उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर रजनीश को सबक सिखाने की योजना तैयार की। जिसके तहत बीते 22 मई की रात को चुना, क्योंकि अगले दिन रजनीश को दिल्ली निकलना था।
इसलिए फोन न उठाने पर इंस्टाग्राम पर मैसेज कर जाने से पहले एक बार सब कुछ भूलकर शराब पीने की पेशकेश की। विनित की योजना से अंजान रजनीश जब उससे मिलने के लिए गांव के सिवान में पहुंचा तो मौका पाकर विनित और उसके दोस्त ने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि हत्या को अंजाम देने के मामले में मुख्य आरोपी विनित का साथी अब भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश दो टीमें कर रही है।