चार लाख रुपये देकर एक ही यूटीआर नंबर से कथित धोखाधड़ी कर 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीनों की रजिस्ट्री कराने के मामले में जांच पूरी हो गई है। दोषी पाए जाने पर हलधरपुर थाना क्षेत्र के भीमहर गांव निवासी अंकित बरनवाल, आदर्श बरनवाल और अनीता बरनवाल के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने धाराएं बढ़ा दी हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले तीन दिन से दबिश दे रही है। अमित कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बीते एक मई को प्राथमिकी दर्ज की थी।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के भीमहर गांव निवासी अमित कुमार सिंह ने एक ही यूटीआर नंबर (यूनिक ट्रांजेक्शन रेफरेंस) पर तीन जमीनों का बैनामा कराने की शिकायत एसपी से की थी। एसपी ने मामले की जांच मधुबन क्षेत्राधिकारी को सौंपी थी। जांच के बाद बीते एक मई को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
प्राथमिकी के अनुसार गांव के ही अंकित बरनवाल, आदर्श बरनवाल और अनीता बरनवाल से आराजी नंबर-54, रकबा 0.0988 हेक्टेयर में 84 कड़ी भूमि बेचने की बात हुई थी। इसके लिए 58 लाख रुपये तय हुए थे।
आरोप है कि आरोपियों ने चार लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से अमित कुमार सिंह के बैंक खाते में भेजे और मजबूरी का हवाला देकर तथा गांव-समाज की बात कहकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद बिना पूरा भुगतान किए सात फरवरी को जमीन का बैनामा करा लिया।
आरोप है कि उसी यूटीआर नंबर को स्टांप पर दिखाकर आराजी नंबर-97, रकबा 392 वर्गमीटर की जमीन की रजिस्ट्री 18 फरवरी को करा ली गई। इसके बाद उसी भुगतान को दोबारा दिखाकर आराजी नंबर-44/1, रकबा 0.0843 हेक्टेयर का संपूर्ण हिस्सा भी बैनामा करा लिया गया। सड़क किनारे स्थित होने के कारण इन जमीनों की बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित का आरोप है कि सभी बैनामे फर्जी और धोखे से कराए गए हैं। जब अमित कुमार सिंह ने इस संबंध में आरोपियों से बात की, तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में मधुबन क्षेत्राधिकारी द्वारा जांच की गई है। जांच के बाद धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
-जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, हलधरपुर