चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के असलपुर गांव के पास भैसही नदी पुल के पास रविवार की देर रात दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने एक बाइक सवार को पहले ओवरटेक कर रोका।उसके बाद उससे मारपीट कर उसकी बाइक और नकदी छीन ले गए ।घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह से पुलिस को सूचना दी।दो थानों के सीमा पर हुए घटना को लेकर दोनो थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर तो पहुच गए लेकिन सीमा विवाद को लेकर खुद उलझ गए।उधर लूट की सूचना मिलने पर पहुँचे सीओ मुहम्मदाबाद गोहना के बाद चिरैयाकोट पुलिस ने आगे की कार्यवाई शुरू की।
पुलिस को सौंपी तहरीर के अनुसार चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के देवखरी निवासी सागर कनौजिया ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी है।रोज की तरह रविवार की देर रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था।अभी वह असलपुर गांव के पास भैंसही नदी के पुल के पास पहुंचा था कि दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे ओवरटेक करते हुए घेर लिया।वह कुछ समझ पाता जब तक एक ने उसके कनपटी पर तमंचा सटा दिया और मारपीट करके उसे अचेत कर उसकी बाइक, मोबाइल, उसके पास रखा छः सौ रुपये लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे कुछ लोगों ने युवक को घायल देख कर पुलिस को सूचना दी।घटना की
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चिरैयाकोट प्रवीण कुमार सिंह और थानाध्यक्ष रानीपुर जगदीश विश्वकर्मा पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल किए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी देर रात तक मची रही।इस दौरान कुछ देर तक दोनों थाने की पुलिस अधिकारी सीमा विवाद में उलझी रहे।उधर देर रात ही मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्राधिकारी डा.अजय विक्रम सिंह ने मौके पर पहुंचकर सीमा विवाद को समाप्त कराया। पीड़ित युवक ने चार बदमाशों के विरुद्ध चिरैयाकोट थाने में तहरीर दी है। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बदमाशों का पता लगाने के लिए तीन टीमें गठित की गई है। टीम में सर्विलांस टीम, एसओजी और स्थनीय थाने की टीम शामिल है। पीड़ित की तहरीर पर चार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
दस दिन पहले ही बड़े अरमान से ली थी बाइक
चिरैयाकोट।लूट के शिकार हुए सागर ने दस दिन पहले ही बाइक को लोन पर लाया था। पुरानी बाइक से आने जाने में परेशानी देख उसने बड़े ही अरमान से नई बाइक क़िस्त पर ली थी।