मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में हीट वेव की तैयारी के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चार-चार बेड हीट वेव के मरीजों के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस एवं लू प्रकोप से बचाव के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने कहा कि सभी विभाग जिले में लू से बचाओ और राहत कार्य के लिए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम की स्थिति के अनुसार अरेंज अलर्ट का मतलब है कि तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि रेड अलर्ट में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है। जिससे हीट वेव की स्थिति गंभीर हो सकती है।
अधिशासी अभियंता विद्युत को ओवरलोड ट्रांसफाॅर्मर की स्थिति की जांच करने और ढीले तारों तथा बिजली के जर्जर पोल को ठीक करने के बाद उसका प्रमाण पत्र जेई से लेने के निर्देश दिए। किसानों की खेतों एवं आसपास लगे ट्रांसफॉर्मर के 9 से 10 मीटर स्क्वायर में फसल की कटाई करवाने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गोशालाओं में टीन के लगे शेड के ऊपर सफेद चुने की पुताई करने को कहा जिससे टेंपरेचर में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी हो सके। गोआश्रय स्थल में ही पानी की उचित व्यवस्था एवं हरे चारे आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
सहायक श्रमायुक्त को ऑरेंज एवं रेड अलर्ट में श्रमिकों के कार्य करने के समय में बदलाव करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर एवं विकासखंड स्तर पर टीम बनाकर सक्रिय अवस्था में रखने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।