मऊ। चिरैयाकोट थाने की पुलिस ने स्वाट और एसओजी टीमों के सहयोग से बुधवार को भैंसही नदी के पुल के पास अलसुबह हल्की मुठभेड़ में पांच लुटरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से चार बाइक, चार तमंचा और नगदी बरामद किया है। पकड़े गए पांचों लुटेरे गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर, कासिमाबाद और मरदह थाना क्षेत्रों के हैं। 15 दिन पूर्व इन लुटेरों ने चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को घायल करके बाइक, मोबाइल और नगदी की लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूट की घटना का खुलासा पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान किया।
एसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसओजी, स्वाट और चिरैयाकोट थाने की पुलिस जब भैंसही पुल के पास पहुंचीं तो वहां पहले से खड़े बदमाशों ने पुलिस टीमों पर तमंचे से हमला कर दिया। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए पांच बदमाशों को पकड़ा। बदमाशों के पास से चार बाइक, चार तमंचे कारतूस और चार हजार रुपये बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि कड़ाई से पूछताछ के दौरान इन बदमाशों ने बताया नौ नवंबर को रात दस बजे मघईपुर सरसेना में गाजीपुर चिरैयाकोट मुख्य मार्ग से एक व्यक्ति को डंडे से मारकर उसकी बाइक व एनरायड मोबाइल पर्स में रखे 4000 रुपये और एटीएम कार्ड वगैरह लूट लिया। रुपयों को आपस में बांटकर एटीएम कार्ड आदि सामान नदी में फेंक दिये थे। लूटी गई बाइक यूपी 61 एवी 5075 का नंबर प्लेट बदलकर (यूपी 65 सीबी 8443) लगाकर चला रहे थे।
एसपी ने बताया कि अजय यादव, दीपक कन्नौजिया, अरविंद यादव तथा अभिषेक यादव चारों चोरी और लूट की घटना को अंजाम देते हैं तथा लूट की योजना श्रवण कुमार पाल बनाता है। घटना करने के लिये अपनी बाइक भी बदमाशों को देता है। चोरी और लूट में मिले सामानों को बेचने से मिलने वाले रुपयों में श्रवण कुमार पाल को भी हिस्सा देते थे।
एसपी ने बताया कि ये बदमाश काझा, वनदेवी की तरफ किसी लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। इस सम्बन्ध में इन बदमाशों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए अजय यादव निवासी बरही थाना मरदह जनपद गाजीपुर, दीपक कन्नौजिया और अभिषेक यादव निवासी फत्तेपुर थाना कासिमाबाद, अरविंद यादव निवासी बाबू लाल का पूरा थाना करीमुद्दीनपुर गाजीपुर और श्रवण कुमार पाल निवासी उचौरी शेखनपुर थाना कासिमाबाद का चालान कर दिया। जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।