मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के पांच किमी लंबे करहा-शमशाबाद मार्ग की मरम्मत के लिए सात दिन पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क पर गिट्टी गिराई थी। अचानक गिट्टी को बुधवार को विभागीय अधिकारियों ने हटवा लिया।
विभाग का तर्क है कि इस सड़क पर गड्ढा भराव का कार्य पूरा होने के बाद डंप गिट्टी दूसरी सड़क पर कार्य के लिए कार्यदायी संस्था ने पहुंचा दी है। उधर, मामला तूल पकड़ने पर दोबारा गिट्टी गिराने का कार्य विभाग ने बृहस्पतिवार को शुरू करा दिया।
विभाग की इस दोहरी कार्यशैली को लेकर पूरे कस्बे में चर्चा होती रही। यह पांच किलोमीटर लंबा मार्ग पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन और रानीपुर ब्लॉक को जोड़ने के चलते करहा कस्बे के मुख्य मार्गों में शामिल है।
बीते कई सालों से मरम्मत न होने से यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। इसको लेकर कई बार ग्रामीण एसडीएम मुहम्मदाबाद गोहना से शिकायत करने के साथ विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
एक सप्ताह पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर कई जगहों पर गिट्टी गिराई गई, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल रहा कि सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम हो सकेगा।
बुधवार को सड़क पर गिरी गिट्टी के ढेर को डंफरों से लोड कर उसे पास में निर्माणाधीन दूसरी सड़क पर ले जाया गया। उधर, पहले गिट्टी गिराने, फिर उसे उठाने को लेकर स्थानीय लोगों में विभाग को लेकर आक्रोश पनप रहा है।
ग्रामीणों ने का कहना है कि लोगों के विरोध को देखते हुए विभाग ने सड़क पर गिट्टी गिराकर गड्ढामुक्त सड़क को भरने के लिए फोटोबाजी करा ली। अब वहां से यह गिट्टी हटाकर दूसरे जगह भेजकर उनके साथ विश्वासघात किया जा रहा है।
वहीं, बृहस्पतिवार को दोपहर बाद इस सड़क पर दोबारा गिट्टी गिराने का कार्य शुरू कर दिया गया। पहले गिराना, फिर हटाना और फिर दोबारा गिराने के कार्य को लेकर पूरे करहा कस्बे में चर्चा होती रही।
-
इस सड़क पर सारे गड्ढे भर दिए गए हैं। गिट्टी की अधिकता होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा बची गिट्टी को दूसरे जगह ले जाया गया है। रही बात दोबारा गिराने की, तो जहां गिट्टी गिराने का कार्य शेष रह गया होगा, वहां गिराया जा रहा होगा। - पवन कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड
000000000000000
बोले लोग
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के कारण यह मार्ग बहुत लंबे समय से खराब है, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी। गिट्टी गिराकर उठाना जनता के साथ धोखा है। -अखंड प्रताप सिंह, निवासी, शमशाबाद
यह मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण इस मार्ग से जाने से भी लोग परहेज कर रहे हैं, जबकि सुल्तानीपुर से घूमकर लोग रानीपुर जाना पसंद करते हैं। सात किलोमीटर का मार्ग 15 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। गिट्टी गिरी तो उम्मीद जगी थी इसे उठाना समझ से परे है। -विक्की वर्मा, करहां व्यापारी
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनाए जाने से लेकर अब तक मार्ग की दुर्दशा हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर रहा है। बरसात के समय आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। गिट्टी गिरवाकर हटाना सवाल खड़े कर रहा है। -रवि पासी, जिला पंचायत सदस्य, करहां
इस क्षेत्र के लगभग सारे रोड बना दिए गए, जबकि करहां से शमशाबाद जाने वाला मार्ग लगभग 10 वर्षों से ऐसे ही जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है। बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। गिट्टी गिराकर उठाना गंभीर मामला है। -विष्णुकांत श्रीवास्तव, व्यापारी, करहा