शहर के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र अंतर्गत अस्तुपुरा निवासी मुनीब सोनकर की तहरीर पर अज्ञात बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि सड़क किनारे रखे ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण उनका पुत्र करंट की चपेट में आ गया, जिससे इलाज के दौरान उसके दोनों हाथ काटने पड़े।
दर्ज तहरीर के अनुसार अस्तुपुरा मोहल्ले में सड़क किनारे ट्रांसफॉर्मर रखा गया था। वादी मुनीब सोनकर का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
घटना 8 फरवरी की बताई गई है। पीड़ित का पुत्र आकाश सोनकर रात करीब 10 बजे वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान वह ट्रांसफॉर्मर से उतर रहे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों को उसके दोनों हाथ काटने पड़े।
इस संबंध में थाना प्रभारी बसंतलाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर बुधवार को अज्ञात बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।