मऊ। तेज हवाओं के साथ रात भर हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। सड़कों पर जलभराव हो गया। घरों और दुकानों में पानी घुस गया। फातिमा अस्पताल के निचले तल में पानी घुसने से चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित रही। तेज हवाओं के चलते निजामुद्दीपुरा में महुआ का पेड़ बिजली के तार पर गिर गया जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मूसलाधार बारिश से शहर के इमिलिया मुहल्ला, निजामुद्दीनपुरा, बुनकर कालोनी, औरंगाबाद, रघुनाथपुरा, कल्याण सागर, ब्रह्मस्थान, मठियाटोला, मुंशीपुरा, सहादतपुरा, घासबाजार, मलिकटोला, न्याजपुरा, हट्ठीमदारी आदि मुहल्लों में जलभराव हो गया। कई लोगों के घरों में पानी घुस गया जिससे लोग परेशान रहे। नाले और नालियों के जाम होने से नालियों का गंदा पानी सड़क पर भर गया जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सरकारी दफ्तरों से लेकर अस्पतालों तक में पानी घुस गया। नगर स्थित फातिमा अस्पताल के भीतर काफी पानी घुस गया जिससे मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल और रोडवेज परिसर में जलभराव होने से लोगों को घुटने भर पानी से होकर आना जाना पड़ा। मरीजों को लेकर आने वाले तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों और दुकानों में घुसे पानी को लोग निकालने का प्रयास करते रहे। नगर स्थित अली बिल्डिंग में स्थित कई दुकानों में पानी घुसने से सामान भीगकर नष्ट हो गया। सुबह दुकान पहुंचे व्यापारी नुकसान देख चिंतित हो उठे।
कोपागंज: बृहस्पतिवार की रात हुई बारिश से ब्लाक परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव हो गया। नगर के चौक, कसारा मोड़ पर दुकानों में पानी घुसने से किराने का सामान, कपड़े आदि भीग गए। दोस्तपुरा सोनकर बस्ती में जलभराव हो गया है। चौक पर स्थित सच्चिदानंद के किराना की दुकान, लालता राय के कपड़े की दुकान, अरुण बरनवाल के किराना की दुकान में पानी घुसने से सामान नष्ट हो गया। कसारा मोड़ पर पंकज गुप्ता के पेंट की दुकान में पानी घुसने से कई बोरी पुट्टी नष्ट हो गई।
मुहम्मदाबाद गोहना: बारिश से मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा और करहां बाजार की दुकानों में पानी घुस गया। इससे व्यापारियों को नुकसान पहुंचा है। मुहम्मदाबाद कस्बा में प्रमोद सोनकर, अमित सेठ, नेहाल अहमद, प्रकाश आदि के बेसमेंट में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है।