मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील मुख्यालय पर डीएम अमित सिंह बंसल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 104 शिकायती पत्र दिए गए। जिसमें से छह मामलों का निस्तारण किया गया। शेष के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा गांव के दर्जनों लोगों ने गांव के कोटेदार पर अनाज वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया। साथ ही कार्रवाई की मांग किया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को शिकायत की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। संपूर्ण समाधान दिवस पर राजस्व विभाग से संबंधित पैमाइश, अवैध कब्जा, सरकारी भूमि परअतिक्रण आदि से संबंधित कुल 47 शिकायती पत्र दिए गए। इसके अलावा पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं के संबंध में चार थाना क्षेत्रों के कुल 18 शिकायतें पेश की गई। गांव में आवास, शौचालय, चकमार्ग आदि को लेकर विकास खंड कार्यालय से संबंधित 26 लोगों ने जिलाधिकारी को अपना प्रार्थना पत्र दिया।
इसी क्रम में चकबंदी विभाग से भी तीन शिकायतकर्ताओं ने अपने मामले का निस्तारण न होने पर डीएम के यहां फरियाद किया। इसके अतिरिक्त पूर्ति विभाग, बिजली, समाज कल्याण, पेंशन आदि से संबंधित 10 लोगों ने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी शिकायतों का गुुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर अधिकारी समस्याओं को हल कराएं। कहा कि टेबल रिपोर्ट की जगह मौके पर जाकर यथास्थिति देखकर ही शिकायतों का निस्तारण किया जाए। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम आदि शामिल रहे।