मऊ। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर है। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन को लेकर बैरिकेटिंग करने के साथ कक्षों को तैयार किया जा रहा है। डीएम अरुण कुमार ने शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन कक्षों सहित परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देशित किया कि नामांकन के लिए बनाए गए प्रत्येक कक्षों में पर्याप्त प्रकाश तथा कम से कम दो सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विधान सभावार कमरों में पहुंचने एवं बाहर जाने के रास्ते अलग-अलग किये जाये। नामांकन कक्षों में उचित दूरी पर बैरिकेटिंग की व्यवस्था कराने को कहा, जिससे प्रत्याशियो के नामांकन हेतु कागजातों के लेन-देन में असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन के दौरान एक प्रत्याशी के साथ सिर्फ दो व्यक्ति नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेगें। उन्होेंने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न गेटों से आने-जाने के लिए बने बैरिकेटिंग व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कहा कि बैरिकेट्स मजबूती से बांधे जाए, उनकी ऊंचाई पर्याप्त हो ताकि कोई भी व्यक्ति उसे लांघकर या तोड़कर भीतर प्रवेश ना कर सके। साथ ही उन्होंने नामांकन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल रखने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ऐसे स्थानो पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिया, जहां से अंदर, बाहर आने-जाने वालों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने परिसर में लाउडस्पीकर लगाने की भी बात कही, जिससे जरूरी सूचनाओं को दूर स्थित लोगों तक आसानी से प्रसारित कराई जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील घुले, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अजय गौतम, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, सहायक निर्वाचन अधिकारी हर्षिता तिवारी, नगर क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा तथा अन्य अधिकारी रहे।