मऊ। जनपद में राष्ट्रीय पशु रोग नियत्रंण कार्यक्रम द्वितीय च्रक के अंतर्गत पशुओं में खुरपका-मुहपका बीमारी का नि:शुल्क टीकाकरण के अभियान की शुरूआत जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल तथा मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि टीकाकरण का समय एक अक्तूबर 2020 से 30 अक्तूबर 2020 तक निर्धारित है। पशुओं को खुरपका-मुहपका रोग से बचाव के लिए सरकार के निर्देशानुसार टैगिंग किए गए पशुओं का ही टीकाकरण किया जाएगा। जनपद के नौ विकास खंडों के समस्त ग्राम पंचायतों में चयनित वैक्सीनेटर एवं सहायक के माध्यम से टीकाकरण किया जाएगा। जिसमें चार माह से कम उम्र के पशु एवं आठ माह से अधिक उम्र के गर्भित पशुओं का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। टीकाकरण का रिपोर्ट आनलाइन इनाफ पोर्टल पर अपलोड करना आवश्यक है।
उक्त अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. संजय श्रीवास्तव, उपमुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. पीडी सिंह, डॉ. बीएस यादव, डॉ. एके सिंह, डॉ. उमेश सिंह, डॉ. एसकेराय, डॉ. केके चौहान आदि शामिल रहे।