फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देव दीपावली की तैयारी पूरी, 11 हजार दीपों से जगमगाएगा शीतला माता धाम

विज्ञापन
विज्ञापन
मऊ। श्रद्धा तथा भक्ति का स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा तथा देव दीपावली की तैयारियां बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। इस अवसर पर दोहरीघाट कस्बा के सरयू तथा तमसा तट पर हजारों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। नगर के शीतला माता मंदिर पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। कार्यकर्ता मंदिर को सजाने संवारने में लगे रहे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न इलाकों में स्थापित प्रमुख मंदिरों में देव दीपावली के मौके पर घी के दीपक जलाए जाएंगे। जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन

नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा तथा देव दीपावली मनाई जाएगी। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाने से समाज में सुख शांति और समृद्धि आती है। इस दिन आकाशदीप को बांधने की परंपरा होती है। नगर के शीतला माता धाम पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। यहां गंगा आरती के लिए मंच बनाया गया है। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
शीतला माता धाम व्यवस्था समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. रामगोपाल गुप्त ने बताया कि समिति के तरफ से शीतला माता धाम पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में भक्त दीपदान भी करेंगे। इसके साथ ही घोसी के पक्कापोखरा स्थित मंदिर, चिरैयाकोट क्षेत्र के खाकी बाबा की कुटी सहित नगर के ढेकुलियाघाट, मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआ पुरा स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा स्थित मातृ मंदिर, दोहरीघाट के गौरीशंकर घाट, रामघाट सहित तमसा नदी के तट पर स्थापित मंदिरों में घी के दीपक जलाए जाएंगे। मंदिर के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं।
विज्ञापन

दीपों से जगमग होगा सर्वेश्वरी मुक्तिधाम
मऊ। पौराणिक तमसा तट स्थित सर्वेश्वरी मुक्तिधाम ढेकुलियाघाट पर देव दीपावली के अवसर पर 11 हजार दीपों से रोशन होगा। दर्जनों संस्थाओं के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नगर सहित जनपद के गणमान्य लोग शामिल होंगे। धाम व्यवस्थापक पुरुषार्थ सिंह ने बताया कि शारदा नारायण हास्पिटल, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, लोक कल्याण सेवा न्यास, होम्योपैथिक चिकित्सा संघ सहित विभिन्न संगठन के लोग शामिल होंगे।
स्नानार्थियों का उमड़ रहा हुजूम
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया। अपनी पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व को संजोए दोहरीघाट में सरयू नदी में स्नान को लेकर लोगों का हुजूम एक दिन पूर्व से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्तिक पूर्णिमा के ऐतिहासिक स्नान को लेकर स्नानार्थियों से पूरा नगर पटा सा नजर आया। वहीं महिलाओं का मां सरयू को कढ़ाई व सेहरा चढ़ाने के लिए सुबह से ही रामघाट पर रेला लगा रहा। मेले को लेकर पूरे नगर में सड़क के दोनों पटरियों पर दुकान सजी रही।
दो प्लाटून पीएससी व दस थानों की फोर्स तैनात
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान तथा मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। किसी भी तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए दो प्लाटून पीएससी व दस थानों की फोर्स लगाई गई है। वहीं मेले में मनचलों व अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी व कार्रवाई के लिए सादे वेष में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
रामघाट गौरीशंकर घाट मातेश्वररी घाट पुल के पास होगा स्नान
दोहरीघाट। कार्तिक पूर्णिमा मेला को लेकर जहां नगर प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारी देर शाम तक होती रही। इस वर्ष सिर्फ रामघाट, गौरीशंकर घाट, पुल के पास मातेश्वरी घाट पर ही स्नान होगा। राम जानकी घाट की सीढियां नदी की धारा में विलीन होने से स्नान करने की मनाही हो गई है। मेले की कमान जहां खुद चेयरमैन योगी सोनकर ने लिया है। ईओ ऋचा सिंह ने बताया कि स्नानार्थियों के ठहरने के लिए भी टेंट की व्यवस्था की जा रही है। वहीं रामघाट का रेत इस बार कम पड़ने से स्नाननार्थियों के लिए रामघाट से लेकर घाघरा पुल तक साफ-सफाई चल रही थी। जिससे रामघाट के सामने भीड़ कम हो। नगर को भी पूरी तरह से रंग रोगन करने काम चल रहा था। नगर के खंभों में एलईडी बल्व, झालरों से सजाने का काम चल रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें