मऊ से शाहगंज के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाने और लंबी दूरी की ट्रेनों के फेरे बढ़ाने के लिए भाजपा के आईटी विभाग के संयोजक अनमोह साहू ने बृहस्पतिवार को रेलवे महाप्रबंधक को पत्र भेजा है।
पत्र में उन्होंने कहा कि मऊ जंक्शन से आजमगढ़-कोलकाता एक्सप्रेस, मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मऊ-माता वैष्णो देवी कटरा ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए।
सुबह में शाहगंज से लगभग सात बजे एक पैसेंजर ट्रेन, जो आजमगढ़ के रास्ते मऊ होते हुए बलिया के लिए जाती है, फिर वही ट्रेन शाम को सात बजे वापस होती है।
इस बीच पूरे दिन कोई पैसेंजर ट्रेन न होने के कारण लोगों को बलिया-मऊ-आजमगढ़-शाहगंज आने-जाने के लिए ट्रेन नहीं मिलती है। यदि दोपहर में दो पैसेंजर ट्रेन बलिया से मऊ, आजमगढ़, शाहगंज के लिए चलाई जाएं, तो यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
इसी तरह मऊ जंक्शन से कोलकाता, माता वैष्णो देवी, मुंबई, अहमदाबाद आदि जगहों पर आने-जाने के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को सफर करने में आसानी हो। ट्रेनें कम होने के कारण आरक्षण टिकट नहीं मिल पाता है।