मऊ। बीते एक फरवरी को सपा नेता की पिटाई के बाद उपजे विवाद का पटाक्षेप होते नहीं दिख रहा है। सोमवार को भाजपा नेता सुजीत सिंह कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को प्रार्थनापत्र देकर पूर्व सांसद रमाकांत यादव के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने पत्रक में आरोप लगाया कि पूर्व सांसद ने क्षत्रिय समाज के विरुद्घ अभद्र टिप्पणी की हैहै।
बीते एक फरवरी को कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी के पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान की पिटाई करणी सेना के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सहित अन्य लोगों ने की थी। उस समय महेेंद्र चौहान समाज के साथ हुए अमर्यादित व्यवहार के विरुद्घ ज्ञापन सौंपने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट से मिलने के जा रहे थेे। घटना के बाद करणी सेना के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसमें नामजद किए गए लोगों में देवेंद्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एक तरफ चौहान स्वाभिमान संघर्ष समिति आंदोलित है। तो दूसरी तरफ सपा नेता को सांत्वना देने के लिए आने वालों का दौर जारी है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा नेता सुजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगों का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा और पूर्व सांसद रमाकांत यादव के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सुजीत ने ज्ञापन में बताया कि एक फरवरी को कलेक्ट्रेट परिसर में सपा नेता महेंद्र चौहान ने मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की थी। इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं की गई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चौहान संघर्ष समिति करेगा आंदोलन
मऊ। सपा नेता महेंद्र चौहान की पिटाई के मामले में दर्ज हुई रिपोर्ट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर चौहान संघर्ष समिति के सदस्य आगामी नौ फरवरी को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी देते हुए जितेंद्र चौहान ने बताया कि महेंद्र चौहान की पिटाई करने वालों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्घ कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर चौहान समाज काफी आहत है।