रतनपुरा। रेलवे प्रशासन द्वारा रतनपुरा स्टेशन के पूूर्वी लेबल क्रासिंग 23 पर आवागमन बंद होने पर बृहस्पतिवार को संघर्ष समिति के तत्वाधान में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। मांग की कि रेलवे द्वारा पूर्वी फाटक पर आवागमन शुरू कराया जाए, अन्यथा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
बृहस्पतिवार को संघर्ष समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में 30 गांवों के 100 से ज्यादा ग्रामीण बंद कराए गए पूर्वी रेलवे फाटक पर पहुंचे। यहां रेलवे द्वारा फाटक पर आवागमन बंद कराने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि रेलवे द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए फाटक के दोनों तरफ जेसीबी की मदद से गड्ढे खुदवा दिया गया है, जिससे आवागमन ठप हो गया। बोले कि रोजाना इस मार्ग से विसुकिया, नसीराबाद खुर्द, इटैली, पहदेवाजीत, खरका, विशनपुरा, नसीराबाद कला, अइलख, अतरौल पांडेय, उमरपुर सहित 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों का आवागमन है। मार्ग बंद होने के चलते ग्रामीणों को डेढ़ किमी से ज्यादा घूमकर जाना पड़ रहा है।
मांग की कि रेलवे द्वारा अविलंब रेलवे क्रासिंग पर आवागमन शुरू किया जाए। चेताया कि मांग पूरी न होने तक संघर्ष समिति प्रदर्शन जारी रखेगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में सपा नेता मन्नू पहलवान, श्याम नारायण चौहान, रमेश कुमार, विरेंद्र कुमार, रामजन्म, मुन्ना, अभिषेक, शेषनाथ, डॉ. रविंद्र, सोनू सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।