मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के साकिन अदरी निवासी दीपक कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार ने नगर के एक डाक्टर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। पत्रक में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता की तबियत खराब होने पर मुंशीपुरा स्थित एक डाक्टर को उसके द्वारा सितंबर 2021 में दिखाया गया था। जहां संबंधित डाक्टर ने जांच रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए पथरी की बात कहकर आठ सितंबर में ऑपरेशन का डेट दिया था।
निर्धारित दिनांक पर उसने अपने पिता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टर ने दूरबीन विधि से उसका आपरेशन किया। आरोप लगाया कि डेढ़ घंटे बाद ऑपरेशन के बाद पथरी न मिलने पर सर्जरी विधि से ऑपरेशन करने की बात डाक्टर ने कही। आरोप लगाया कि ऑपरेशन के लिए उसके द्वारा 15 हजार जमा कराया था, जबकि पांच हजार रुपया का दवा मंगाया गया था।
आरोप लगाया कि इतना राशि लेने के बाद भी उससे अतिरिक्त राशि की मांग की गई। उसके पिता का उपचार सही न होने से हालात खराब होने पर वह वाराणसी के एक निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया। जहां वहां के चिकित्सकों ने गलत इलाज से शरीर में इंफैक्शन फैलनेे की बात बताई। आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही से मरीज तीन बार वेंटीलेटर में रहा, इस दौरान उसके इलाज में करीब 20 लाख रुपये की राशि खर्च हुई। मांग की इलाज में लापरवाही करने वाले चिकित्सक का लाइसेंस निरस्त करने के साथ उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एसएन दुबे ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, मामले की शिकायत आने पर जांच की जाएगी।