तमसा पुल पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद रुट डायवर्जन होने पर बालनिकेतन रेलवे क्रासिंग पर लगा जाम।
- फोटो : mau
शहर बुधवार को 10 घंटे तक जाम की जद में रहा। इसके चलते आवागमन बुरी तरह बाधित हो गया। कारण, मंगलवार की देर रात में राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 के तमसा नदी पुल पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई टक्कर रहा। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। जबकि ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने से रास्ता बाधित हो गया। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। शहर के कई रास्तों पर आवाजाही बाधित हो गई। दोपहर तीन बजे के बाद ट्रकों को पुलिस ने हटवाया।
इससे पूर्व डायवर्जन कर वाहनों को दूसरे रास्तों से गुजारा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भीटी तमसा पुल पर देर रात गोरखपुर की ओर से मैदा भरकर गाजीपुर की तरफ जा रहा एक ट्रक पुल से गुजर रहा था। तभी वाराणसी से गोरखपुर की तरफ जा रहे बालू से लदे ट्रक की उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रक खराब हो गए। इससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से भीटी चौराहा, बालनिकेतन तिराहा, गाजीपुर तिराहा, बलिया मोड़ पर जाम की स्थिति बनी रही। गोरखपुर बलिया से वाराणसी जाने वाले मार्गो को रूट डायवर्ट कर बलिया मोड़ से ढेकुलिया पुल से निकाला गया। सीओ सिटी आलोक कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे और दोनों ट्रकों को पुल पर से हटवाया। तब रास्ता खुला।