दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भदेसरा गांव के सिवान में बुधवार की देर शाम युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या गला रेत कर की गई थी। शव मिलने की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के प्रयास पर शव की शिनाख्त हुई। इस दौरान पता चला कि युवक असलम पेशे से कसाई था। वह पशुुओं को खरीदने और बेचने का काम करता था।
मृत युवक असलम शहर कोतवाली क्षेत्र के शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानटोला अलाउद्दीनपुरा मुहल्ले का निवासी था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि युवक पांच दिन पूर्व घर से निकला था। वह अक्सर कई-कई दिन बाद घर लौटता था। इस कारण परिवार के सदस्य परेशान नहीं थे। बुधवार की देर शाम भदेसरा गांव के कुछ युवक सिवान की तरफ गए तो हत्याकर फेंकी असलम की लाश को देखा।
शव मिलने की सूचना मिलने पर असलम के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। सीओ नगर पंकज सिंह ने बताया कि शव देखने से अनुमान लगाया गया कि असलम की हत्या तीन दिन पूर्व गला रेत कर की गई है।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर शव पड़ा था, वहीं पर खून गिरा था। इससे स्पष्ट है कि हत्या जहां लाश मिली वही की गई। सीओ नगर ने कहा पुलिस जल्द ही हत्यारोपी का पता लगा लेगी। बताते चले असलम का मधुबन थाने में पशुतस्करी की धारा में चालान हो चुका था।