कोतवाली क्षेत्र के भातकोल कोपागंज मार्ग पर सोमवार की देर रात असलहों से लैस बाइक सवार बदमाशों ने दो सराफा व्यवसायियों को लूट लिया।
बदमाशों ने असलहों से आतंकित कर व्यवसायियों से 23 हजार नगद और मोबाइल छीन लिया। व्यापारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौकेे पर पहुंचकर बदमाशों के भागने की दिशा में हाथ पांव मारा लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
कोतवाली क्षेत्र के बरईपुर मुहल्ला निवासी अनिल कुमार कोइरियापार बाजार में सराफा की दुकान करता है। उसी बाजार में धौरहरा गंाव निवासी राम कुमार भी सराफा का ही कारोबार करता है।
दोनों एक साथ ही रोजाना दुकान बंदकर कोइरियापार से अपने घर जाते हैं। सोमवार की रात को भी दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे दोनों अल्लीपुर और मोहनपुर गंावों के बीच स्थित पुलिया के पास पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
सराफा कारोबारी जब तक कुछ समझ पाते तब तक देा बदमाशाें ने दोनों की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इस बीच बदमाशों ने अनिल की जेब से आठ हजार रुपये और राम कुमार की जेब से 15 हजार रुपये छीन लिया। बदमाशों ने राम कुमार की जेब से मोबाइल भी ले लिया।
अनिल ने घटना की लिखित तहरीर पुलिस को। पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस जल्दी ही घटना का खुलासा कर देगी।