रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट रानीपुर मोड़ से 500 मीटर दूर स्टेशन रोड पर गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। युवक के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक को बेरहमी से से पीटकर हत्या कर दी गई और उसे फेंक दिया गया हो। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव को गांव की एक महिला ने शनिवार को दोपहर को देखा तो उसने लोगों को इस बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गन्ने के खेत से बाहर निकाला। देर रात युवक की पहचान मोहम्मदाबाद कोतवाली निवासी धनंजय यादव पुत्र रामअवध के रूप में हुई।
रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट रानीपुर मोड़ से 500 मीटर दूर स्टेशन रोड पर किनारे गन्ने का खेत है। खेत में शनिवार को एक महिला घास काटने गई तो युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए। चीखती चिल्लाती हुई महिला गन्ने के खेत से निकलकर बाहर आई और इसकी जानकारी गांव वालों को दी। देखते ही देखते घटना स्थल पर युवक की लाश को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग लाश को देखकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे थे। सूचना पाकर मौके पर चौकी प्रभारी अब्दुल कादिर मय फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने युवक के शव को बाहर निकलवाया।
युवक के चेहरे पर गहरे चोट का निशान थे और चेहरा खून से लतपथ था। वह नीले रंग का जींस एवं छोटे चेक की शर्ट पहने हुआ था। उसके पैर में ऊडलैंड का जूता था। उसके पाकेट से बाइक की चाबी मिली। शव के पास एक पांच रूपये का सिक्का एवं एक गुटखा पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह का कहना है कि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो सकेगा।