सूरजपुर/कुसुम्हा। थाना दोहरीघाट अंतर्गत रेयांव गांव में बुधवार की शाम एक नवविवाहिता अर्चना (25) पत्नी राजा संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। इलाज के लिए से जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने इस संबंध में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित ससुरालीजनों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना दोहरीघाट अंतर्गत ग्राम रेयांव के राजू ठठेरा पुत्र फूलचंद की शादी तीन माह पूर्व जून 2017 में अर्चना पुत्री नंद किशोर निवासी माधपुर, थाना - बडहलगंज जनपद गोरखपुर में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज में महज पांच हजार कम रुपया दिए जाने को लेकर उसकी अर्चना को ससुराल पक्ष के लोग आए दिन प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में दस दिन पूर्व लड़की के पिता नंदकिशोर ने पुलिस को तहरीर भी दी थी। आरोप लगाया कि बुधवार की शाम को उसकी पुत्र के शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़कर जला डाला और उसकी मौत हो गई। उधर परिवार के सदस्य ही अर्चना के गंभीर रूप से झुलस जाने पर उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत हो जाने पर उसके शव को घर रेयांव ले आए और उसके मायके वालों को सूचित किया। अर्चना के पिता नंद किशोर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पिता की सूचना पर रेयांव जाकर विवाहिता के शव को कब्जे में लिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति राजा, श्वसुर फूलचंद सहित सात लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम कराने सहित जांच पड़ताल में जुटी है।