वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के इटौरा चौबेपुर गांव में रविवार की रात मकान में खिड़की तोड़कर चोरों ने 50 हजार नगदी सहित चार लाख के आभूषण चुरा लिए। परिजन मकान के निचले तल पर सो रहे थे जबकि चोरों ने ऊपरी मंजिल पर घटना को अंजाम दिया। परिवार के लोग जब किसी काम से ऊपरी मंजिल पर गये तो उन्हें चोरी का पता चला। गृह स्वामी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस डाग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच की। लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
गांव निवासी कन्हैया चौबे के दो बेटे अपने अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में रहते हैं। जबकि गृह स्वामी अन्य परिजनों के साथ मकान में रहते हैं। रविवार की रात चोर दूसरी मंजिल के कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। बक्से में रखे 50 हजार रुपये की नकदी के साथ ही छह जोड़ी सोने के झुमके, पांच जोड़ी सोने के टाप्स, चार जोड़ी पायजेब और आठ जोड़ी बिछिया सहित चार लाख रुपयों के गहने तथा कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए। परिवार के लोग सोमवार को जब ऊपरी मंजिल के कमरे में किसी काम से गए तो कमरे की खिड़की टूटी और घर के सारे सामान बिखरे पड़े देखे। इसकी सूचना उन्होंने गांव में अन्य लोगों को दिया। गांव में चोरी की जानकारी होते ही खासी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मकान मालिक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस तत्काल हरकत में आई और डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरु कर दी। हालांकि पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लग पाए। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों की खासी नाराजगी है। इस बाबत सीओ राज कुमार का कहना है कि गृहस्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।