हलधरपुर। हलधरपुर थाना क्षेत्र के बेलौझा गांव के निकट शुक्रवार की रात एक युवक को तमंचा सटाकर बदमाशों ने उसकी बाइक लूट ली। युवक ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। वह एक बारात में शामिल होने के लिए घर से रतनपुरा जा रहा था।
बलिया जनपद के सिंबदरपुर से एक बारात रतनपुरा आई थी। बारात में शामिल होने के लिए बेल्थरारोड निवासी एक युवक फैजान अहमद अपनी बाइक से रतनपुरा जा रहा था। अभी वह बेलौझां गांव के निकट भुड़सुड़ी प्राथमिक विद्यालय के समीप पहुंचा था कि पीछे लगे तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर उसे तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने उसकी बाइक लूट ली और फरार हो गए। फैजान ने तुरंत 100 नंबर पर फोन करके इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।