मऊ पुलिस बूथ से कुछ ही दूरी पर सोमवार की सुबह दिनदहाड़े पेट्रोल पंप संचालक के बेटे से हुई 18 लाख की लूट से बाजार के लोग सकते में है। घटना ने जहां दोहरीघाट पुलिस की पोल को खोलकर रख दिया, वहीं घटना से मऊ पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन खासा नाराज है। लोगों की मानें तो बाजार में कई अपराधिक घटनाएं हुई, लेकिन लूट की यह पहली घटना है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
भौगोलिक दृष्टि से दोहरीघाट बाजार के उत्तर तरफ घाघरा नदी तथा नदी के बाद गोरखपुर जिला है, बाजार से दक्षिण तरफ चलने पर एक रास्ता मऊ होते हुए वाराणसी तो दूसरा आजमगढ होते हुए वाराणसी या फिर इलाहाबाद जाता है। इस मार्ग से हमेशा गैर जनपद के लोगों का आना जाना रहता है।
इसके कारण बाजार में आने वाले व्यक्तियों में कौन संदिग्ध है, पता नहीं चल पाता। इसका लाभ उठाते हुए सोमवार की सुबह बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस बूथ के सामने हुई घटना से पूरे बाजार के लोग सकते में आ गए। बाजार निवासी और पेट्रोल पंप मालिक जेपी तिवारी ने बताया कि बाजार में पहली बार ऐसी घटना हुई है। जिससे लोग दहशत में हैं।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि पुलिस बूथ के पास हुई इस घटना से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा होने लगी है। उपाध्यक्ष पारसनाथ साहू ने कहा कि बेखौफ हो कर बदमाशो ने सोमवार को लूट की घटना को अंजाम दिया है। इससे जिला पुलिस के साथ साथ दोहरीघाट थाने की पुलिस के चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था के दावे की पोल खुल गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने लूटकांड का खुलासा करने की मांग किया।