स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रेवरीडीह निवासी एक व्यक्ति को मोबाइल पर एक कंपनी से लिए गए सामान वापस करने पर रुपये वापस करने की बात कह कर एटीएम सबंधित सभी जानकारी लेकर उसके साइबर उचक्के ने उसके दो बैंक खातों से एक लाख 17 हजार रुपये उड़ा दिया। घटना बुधवार की है। पीड़ित के दो बैंकों के खातों से रुपया निकलने की जानकारी उसके मोबाईल पर मैसेज आने के बाद हुई। खाताधारक मैसेज देख चकरा गया। पीड़ित ने घटना की सूचना सम्बंधित बैंक प्रबंधकों को देते हुए मुकामी पुलिस और साइबर सेल को तहरीर दिया।
कोपागंज थानाक्षेत्र के रेवरीडीह निवासी ओमवीर यादव पुत्र गोरखनाथ यादव एक नामी गिरामी कंपनी से कुछ सामान मगवाया था। सामान पसंद नहीं आने पर अपने रुपये वापसी के लिए ग्राहक सेवा न 07477596720 पर काल किया। काल ख़त्म होने के बाद तुरंत दूसरे मोबाइल नंबर 7001950093 से ओमवीर की मोबाईल पर लगभग 11 बजे अपने को कंपनी का अधिकारी बताते हुए उससे एटीएम संबंधित सभी जानकारी ले लिया और कोड नंबर भी पूछा लिया। ओमवीर ने जैसे ही अपने एटीएम का कोड नंबर दिया वैसे ही उसके यूनियन बैंक के खाते से एक लाख रुपये तथा भारतीय स्टेट बैंक के खाते से 17 हजार 400 रुपये उड़ा दिए। खाता धारक के मोबाईल पर जैसे ही दोनों खाते से पैसा निकलने की जानकारी आयी तो उसके होश उड़ गए और वह बदहवाश हो गया। उसने तत्काल इसकी सूचना लिखित रूप से बैंक के स्थानीय थाने में के अलावा जिला मुख्यालय स्थित साइबर सेल को दिया है।इस बाबत सीओ घोसी नंद लाल का कहना है कि मामले की जांच की जिम्मेदारी साइबर सेल को दे दी गई है।