मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बगली पिजड़ा गांव स्थित जिला कारागार में निरुद्घ बंदियों से मुलाकात करने गए चार व्यक्तियों ने अंदर जाने को लेकर गार्ड से विवाद कर लिया। गार्ड ने एक पर्ची पर तीन को जाने की अनुमति दी, इस पर चारों ने उससे विवाद कर मारपीट किया। मारपीट में घायल हुए गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस चारों को गिरफ्तार कर उनका विभिन्न धाराओं में चालान की।
गार्ड से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों में सूर्यकांत सिंह पुत्र शमसेर सिंह हलधरपुर थाने के मखना गांव का निवासी है, जबकि आदित्य सिंह पुत्र रामविलास हलधरपुर थाने के पिंडोहरी गांव का रहने वाला है। इसीक्रम में मलिक अहमद पुत्र मजीद लसरा गांव का तथा महेंद्र प्रसाद पुत्र सुकालू गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाने के नसीरपुर गांव का निवासी है। आरोप है कि चारों मुलाकाती पर्ची को भरे, लेकिन बिना लाईन लगाए जेल के गेट में प्रवेश करने का प्रयास किए। इस दौरान ड्युटी पर तैनात होमगार्ड ने उन्हे रोका। साथ ही एक पर्ची पर तीन से अधिक को अंदर जाने से मना किया। बोला लाइन लगाकर अंदर जाए। इस पर चारों होमगार्ड से विवाद कर लिए। आरोप है कि बात बढ़ने पर चारों होमगार्ड से हाथापाई कर लिए। इस दौरान होमगार्ड का सिर फट गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सरायलखंसी आरपी यादव ने चारों को गिरफ्तार किया। साथ ही सभी का संबंधित धाराओं में चालान किया। सीओ ने बताया कि पकड़े गए चारों व्यक्तियों का चालान कर उन्हे जेल रवाना करने के लिए कोर्ट में पेश किया गया है।