थाना क्षेत्र के चचाई पार के पास मधुबन मझवारा शहीद मार्ग पर बुधवार की दोपहर बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो अधेड़ गंभीररुप से घायल हुए। इसमें एक घायल की अस्पताल ले जाने के दौरान तथा दूसरे घायल की वाराणसी रेफर होने पर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के मूड़ाडांड़ निवासी सूरजभान उर्फ वकील यादव (45) पुत्र भान यादव बुलेट से मधुबन से शहीद मार्ग होते हुए ताल रतोय गांव निवासी अपने दोस्त जिऊत साहनी (42) के साथ मऊ जा रहे थे। चचाईपार हरिजन बस्ती के समीप मझवारा की तरफ से तेज गति से आ रही बोलेरो ने बाइक में धक्का मार दिया। बुलेट चला रहा सूरजभान उर्फ वकील और पीछे सवार जिउत गंभीररुप से घायल हुए। सूरजभान की घटनास्थल से अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। जबकि बाइक सवार जीउत को गंभीरावस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डाक्टरों ने घायल की हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल रेफर के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जीउत को वाराणसी ले जाने की व्यवस्था हो रही थी कि उसकी मौत हो गई। सूरजभान यादव मधुबन से सटे नेवादा गांव में लगे एक टेलीफोन टॉवर पर कार्य करता था। हादसे की सूचना पाते ही सूरजभान की पत्नी चंपा देवी और माता लालमुनी, पिता भान यादव और बेटे सिंटू(16)सोनू (13)और मोनू (10 ) का रो रोकर बुरा हाल हो गया।