घोसी कोतवाली क्षेत्र के कारीसाथ मोड़ के समीप सोमवार की शाम लगभग छह बजे बाइक सवार बदमाशों ने राजेश मसाला एजेंसी के संचालक को तमंचा सटाकर उसके पास से तगादा के एक लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश घटना के बाद उसके मोबाइल की बैट्री और वाहन की चाभी भी ले लिए और कुछ दूरी पर फेंक करके भाग गए।
कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव निवासी संजीव कुमार गुप्ता की मसाला एजेंसी है। सोमवार को वह अपनी बोलेरो से तगादा करने के लिए गया था। लौटते वक्त पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उसके वाहन को तमंचा दिखाकर रुकवा लिए। उसके पास से एक लाख 40 हजार रुपये लूट लिए।
घटना के बाद बदमाश एजेंसी संचालक के मोबाइल की बैटरी और उसकी गाड़ी की चाभी भी निकाल लिए और कुछ दूरी पर ले जाकर फेंक दिए। घटना के बाद संचालक थाने पहुंचा। थाने पर थानाध्यक्ष विश्वजीत सिंह से लूट की कहानी बताई। अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध पीड़ित ने तहरीर दी। घटना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और इधर उधर चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कहीं सुराग नहीं लग सका।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीना का कहना है कि कोपागंज और घोसी में लूट की घटना की सूचना मिली है। घटना के संबंध में जांच पड़ताल चल रही है। बदमाश जल्द ही पकड़े जाएंगे।