मऊ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर में संविदा वन कर्मचारी के साथ बैंक मित्र की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
बढ़ुआ गोदाम संवाददाता के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पलिगढ़ गांव के पास शुक्रवार को अपराह्न दो बाइकों की आमने सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में रानीपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी और संविदा वन कर्मचारी राजन चौहान (22) पुत्र महेंद्र चौहान की मौके पर मौत हो गई। मृत राजन चौहान विभाग में संविदा पर नौकरी करता था। घटना के समय वह कुछ सामान खरीदने के लिए बाइक से बाजार जा रहा था, जैसे ही उसकी बाइक पलिगढ़ गांव के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई । इस दुर्घटना में राजन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक दीपक को गंभीर चोटें आई। दीपक (22) पुत्र बालगोविंद रानीपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का निवासी है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस, दीपक को जिला अस्पताल भेजवाई। साथ ही राजन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी। राजन की मौत की खबर सुनकर परिवार और गांव में मातम छा गया हैं ।राजन अपने मां बाप का इकलौता संतान था उसकी केवल तीन बहने हैं । हलधरपुर संवाददाता के अनुसार थाना स्थानीय थाना क्षेत्र के बाजार में यूनियन बैंक के सामने दो बाइकों की टक्कर होने से एक बाइक पर सवार बैंक मित्र नवीन कुमार सिंह 34 पुत्र दामोदर सिंह गंभीररुप से घायल हुए। स्थानीय लोगों ने उन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उनकी मौत हो गई। मृत नवीन कुमार सिंह हलधरपुर थाने के साहुपुर गांव के निवासी थे। बताया जाता है थाना क्षेत्र के जगभानपुर चट्टी पर वो यूनियन बैंक की फ्रेंचाईजी लेकर बैंक का संचालन करते थे। शुक्रवार की शाम वो किसी काम से हलधरपुर बाजार स्थित यूनियन बैंक आए थे। शाम को छह बजे के करीब घर जाने के लिए जैसे ही बाइक को घुमाए, तभी पीछे से आई एक अन्य अनियंत्रित बाइक उनको धक्का मार दी। नवीन की मौत की सूचना मिलने पर उनके घर में विलाप शुरु हो गया। बताया जाता है मरने वाले दोनों व्यक्ति हेलमेट नहीं लगाए थे।