घोसी। बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बिजली निगम द्वारा घोसी नगर पंचायत में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यदायी संस्था जीएमआर काशी स्मार्ट मीटर लिमिटेड द्वारा बृहस्पतिवार से नगर के बड़ागांव से इसकी शुरूआत की गई।
मीटर लगवा रहे अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश ने बताया स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है। इसके माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम में ऊर्जावान मोबाइल एप से प्राप्त कर सकते हैं। इससे बिलिंग में पारदर्शिता आएगी और बिजली की बचत भी संभव होगा। मऊ जनपद में 41 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें सभी सरकारी कार्यालय भी शामिल हैं। सभी घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे स्मार्ट मीटर को शीघ्र लगवाएं, जिससे उन्हें इसका लाभ मिल सके। इस दौरान उपखंड अधिकारी मंगला प्रसाद श्रीवास्तव, अवर अभियंता माजिद, सरवन कुमार, प्रदीप गुप्ता, आकाश मौजूद रहे।