जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने विशेष रूप से सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं एवं ग्रामीण विकास से संबंधित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। साथ ही जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के भी निर्देश दिए गए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद बी ग्रेड में होने पर जिलाधिकारी ने इसमें सुधार के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सबसे अधिक आवेदन लंबित होने पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
वहीं जिलाधिकारी ने वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन के लंबित आवेदनों का भी जल्द निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
साथ ही पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद की सभी गौशालाओं में गर्मी से बचाव हेतु हरा चारा, पानी, छांव सहित अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए।