इस्लाम धर्म के पथ प्रदर्शक पैगंबर की शान में हिंदू महासभा के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष कमलेश तिवारी द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में शनिवार को क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय की विशाल जनसभा हुई।
अन्जुमन इत्तेहादुल मुस्लेमीन के तत्वाधान में नार्मल मैदान पर आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने कमलेश तिवारी के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली । उनका पुतला फूंका। मौके पर पहुंचे एसडीएम को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंप कमलेश तिवारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि कमलेश तिवारी की टिप्पणी से पूरे विश्व का मुस्लिम समुदाय आहत है। कहा कि भारत के मुसलमानों को गर्व है कि वह एक सेक्युलर देश में रहता है लेकिन कमलेश तिवारी जैसे चंद लोगों की वजह से इस देश की पवित्र परंपरा पर चोट की जा रही है। कहा कि इस्लाम में किसी भी धर्म के खिलाफ टिप्पणी किया जाना व किसी की भावना को चोट पहुंचाना गैरवाजिब हरकत मानी गई है।
अंत में ऐसे लोगों के खिलाफ कड़े कानून बनाने की मांग किया। जनसभा में जुटी हजारों की भीड़ ने कमलेश तिवारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को जलाकर अपना विरोध जताया। अंत में जनसभा स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी को राष्ट्रपति को संबोधित मांगपत्र देते हुए कडी़ कार्यवाही की मांग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज अब्दुल हई व संचालन डा. इरफान अहमद ने किया। एनुल मुजप्फर, मौलाना ज्याउद्दीन, मौलाना लियाकत अली, मौलाना एहसान, नजीर अहमद, अब्दूल अजीज, मौलाना हस्मतुल्लाह, अबुजर मदनी, मौलाना अमजद, मौलाना ताहिर अहमद, अखलाक अहमद मौलाना अबरार अहमद, मौलाना छोटेलाल, नदीम, अली इमदाद जैदी आदि ने तकरीर किया।