बढुआ गोदाम। परदहां ब्लाक के बबुआपुर गांव में सोमवार की सुबह राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर कोटेदार और ग्रामीण में विवाद हो गया। जहां बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक लोगों को थाने ले आई। इससे नाराज ग्रामीणों ने कोटेदार के विरुद्ध सदर तहसील पर जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही कोटेदार पर कम राशन का वितरण और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए सदर एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर को ज्ञापन सौंपा।
परदहां ब्लाक के बबुआपुर गांव निवासी नगीना यादव ने बताया कि सोमवार की सुबह राशन कार्ड लेकर कोटे की दुकान पर राशन लेने गया। राशन वितरण कर रहे कोटेदार रविंद्र यादव के पट्टीदार भोला यादव ने राशन देने से मना कर दिया। जब नगीना ने विरोध किया तो गाली गलौज करने लगा और अपने भतीजे बिरजू के साथ मुझसे मारपीट किया। इस दौरान कोटेदारों ने राशन लेने आए ग्रामीणों को बिना राशन दिए वहां से भगा दिया। मुन्ना यादव और विनोद ने आरोप लगाया कि राशन की दुकान रविंद्र यादव के नाम पर प्रस्तावित है।
लेकिन कोटे की दुकान पर राशन वितरण रविंद्र यादव का पट्टीदार भोला यादव करता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति दबंग किस्म के व्यक्ति हैं और राशन के वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी करता है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार भोला यादव का विरोध करने पर उसके द्वारा लाभार्थियों के राशन कार्ड तक फाड़ देता है। ग्रामीणों ने कोटेदार के विरोध में नारेबाजी करते हुए सदर एसडीएम डा. अंकुर लाठर को प्रार्थना प्रत्र देकर मामले की जांच कर कोटा निरस्त करने की मांग की है। इसदौरान मुन्ना यादव, विजय, विनोद, शंति देवी, सावित्री देवी, दुर्गा, लक्ष्मीना, मीरा और सुधा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।