मऊ। मधुबन तहसील क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को समर कैंप का समापन हुआ। इस दौरान बच्चों के बीच आर्ट, योग, नृत्य, गीत संगीत और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। बच्चों को शिक्षा विभाग ने मौसमी फल, खीरा, बिस्किट, मूंगफली दाना वाली नमकीन भी दी गई। 20 दिनों तक चले आयोजन मेें बच्चे विभिन्न प्रकार के शारीरिक और मानसिक गतिविधि में व्यस्त नजर आए। उनमें एक अलग प्रकार का उत्साह देखने को मिला।
खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर मंडाव श्यामसुंदर पटेल ने बताया कि फतहपुर मंडाव ब्लाक के बेसिक शिक्षा परिषद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गर्मियों की छुट्टियों के बीच समर कैंप की शुरुआत 20 मई से हुई थी। शिक्षा विभाग का प्रयास रहता है कि पढ़ाई के साथ-साथ नैनिहालों को पारंपरिक लोकनृत्य और कलाओं में पारंगत किया जाए। इस प्रकार के आयोजन से खेल-खेल में नौनिहालों का कौशल भी निखरता है। इस दौरान कई विद्यालयों के बच्चों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। कंपोजिट विद्यालय गंगऊपुर, लौवासाथ सहित विद्यालय के बच्चे लगातार 20 दिनों तक नियमित रूप से सभी गतिविधि में भाग लिए। इसके लिए विद्यालय के टीचिंग स्टाफ एवं बच्चे बधाई के पात्र हैं। समर कैंप के समापन के अवसर पर अनवारुल हक, सूर्यभान शर्मा, रणंजय मल्ल, राज बहादुर सिंह, आनन्द मल्ल, सुमन, प्रतिमा, ओमप्रकाश मौर्य, बलिराम आदि शिक्षक मौजूद रहे।