मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने अवैध रूप से चल रहे बच्चों के अस्पताल को स?
- फोटो : MAU
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में बिना पंजीयन के संचालित एक निजी अस्पताल को एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में बने एसएनसीयू वार्ड में तीन वार्मर मशीन पर तीन नवजात मिले। जिन्हें महिला जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां लाते समय एक नवजात की मौत हो गई। जांच में पता चला कि अस्पताल का पंजीयन नहीं किया गया था और न ही वहां कोई नवजात बच्चों के डाक्टर बैठते हैं।
बताया जाता है कि जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल से किसी ने शिकायत किया था कि मुहम्मदाबाद गोहना बाजार में बिना पंजीयन के नवजात शिशुओं का अस्पताल चल रहा है। डीएम के आदेश पर मंगलवार को एसडीएम मोहम्मदाबाद गोहना राम भवन तिवारी ने सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह के नेतृत्व में अस्पताल पर पहुंचकर जांच की तो पंजीयन नहीं मिला। वहीं अस्पताल में एसएनसीयू वार्ड एक कमरे में संचालित था, इसमें तीन वार्मर मशीन लगी थी। तीनों पर नवजात का उपचार होता मिला। अस्पताल पर कार्रवाई की सूचना मिलते ही अस्पताल के संचालक और डाक्टर गायब हो गए। प्रशासन ने एंबुलेंस से तीनों नवजात को जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के लिए जाते समय एक नवजात की मौत हो गई। इस बाबत सीएमओ डॉ.सतीशचंद्र सिंह का कहना है कि निरीक्षण में अस्पताल बिना पंजीयन के संचालित होता मिला। जिस पर उसे सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी प्रभारी डॉ. एपी सिंह, रानीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।
कई चिकित्सकों का मिला लेटरपेड
वलीदपुर। सूत्रों की माने तो एसडीएम-सीएमओ की कारवाई के दौरान बिना पंजीयन के संचालित अस्पताल में कई चिकित्सकों के लेटरपैड मिले। वहीं संयुक्त टीम ने मौजूद दो लोगों से कई जानकारी ली।