मऊ। केंद्र सरकार की तरफ से माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण वर्ष 2020 में विज्ञान वर्ग, मानविकी वर्ग तथा वाणिज्य वर्ग से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रुप से छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस आशय का पत्र जारी किया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण वर्ष 2020 में 334 अंक प्राप्त, वाणिज्य वर्ग 313 अंक तथा मानविकी वर्ग में 304 अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र/छात्राएं जो किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान में नियमित रूप से अध्ययनरत होंगे, उन्हें विशेष रूप से छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यूपी बोर्ड के 11460 छात्र/छात्राओं को विज्ञान वर्ग, वाणिज्य वर्ग तथा मानविकी वर्ग में क्रमश: 3:2:1 के अनुपात से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आठ लाख वार्षिक आय तक के छात्र/छात्राए आवेदन कर सकते हैं। पात्र छात्र/छात्राओं का विवरण मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित हो रहा है। उक्त वेबसाइट पर सभी छात्र/छात्राएं जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।