मऊ। हायर एजुकेशन की तर्ज पर अब सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों में 10वीं तथा 12वीं में सेमेस्टर सिस्टम लागू किया गया है। अब नौवीं तथा 11वीं में भी दो सेमेस्टर में पढ़ाई की पहल की गई है। इससे छात्र छात्राओं को राहत मिलेगी।
जिले में सीबीएसई से संबद्ध 31 माध्यमिक विद्यालय हैं। गत वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द हो गई थी। विद्यार्थियों को प्रोन्नत कर दिया गया था। मूल्यांकन प्रणाली को लेकर छात्र छात्राओं तथा अभिभावकों ने सवाल उठाया था। समस्या के मद्देनजर सीबीएसई ने गत वर्ष 10वीं तथा 12वीं में सेमेस्टर सिस्टम लागू किया। अब अस्थायी तौर पर नौवीं तथा 11वीं में भी दो सेमेस्टर में पढ़ाई की पहल की गई है। यह परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर होगी। प्रधानाचार्यों की मानें तो कोरोना संक्रमण के चलते गत वर्ष वार्षिक परीक्षाएं रद्द होने के बाद मूल्यांकन को लेकर समस्या उत्पन्न हुई थी। छात्रों के असंतोष को दूर करने के मद्देनजर बोर्ड ने गत अप्रैल माह में 10वीं तथा 12वीं में सेमेस्टर सिस्टम लागू किया। अब नौवीं तथा 11वीं में भी अस्थायी रूप से दो सेमेस्टर में पढ़ाई की पहल की गई है।
इस संबंध में चकमेंहदी स्थित चंद्रा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य केसी पीटर का कहना है कि सेमेस्टर प्रणाली लागू होने से छात्रों को तय पाठ्यक्रम ही पढ़ना पड़ेगा। इससे छात्रों पर बोझ भी नहीं बढ़ेगा। इसी क्रम में लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के प्रधानाचार्य पीएल जैसी का कहना था कि सेमेस्टर प्रणाली के तहत परीक्षा होने से छात्रों को राहत मिलेगी, साथ ही बोर्ड के पास भी डाटा होगा।