परदहां ब्लाक के किन्नुपुर गांव में सदर एसडीएम और सीओ सिटी की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश करते राजस
- फोटो : MAU
बढुआगोदाम। सराय लखंसी पुलिस ने बुधवार को मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई गत दिनों पैमाइश के दौरान हुए वीडियो वायरल की जांच के बाद की गई है। उधर, अधिवक्ताओं ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई और न्यायिक कार्य से विरत रहे। परदहां ब्लॉक के किन्नुपूर गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान अधिवक्ता दरोगा सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें अधिवक्ता जजों के साथ मौके पर मौजूद राजस्वकर्मियों से अभद्रता से बातचीत करते दिखे थे। यह वीडियो कुछ देर में ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने सरायलंखसी एसओ को जांच सौंपी। बुधवार को इस मामले में पुलिस ने प्रभारी राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। एसओ केके गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियों की जांच मेें अधिवक्ता दरोगा सिंह द्वारा जज को गाली देने की बात सामनेेे आई है। इसके बाद अधिवक्ता तथा अज्ञात के विरुद्ध वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। उधर, सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की बैठक बुधवार को संघ के पुस्तकालय भवन में हुई। इसमें बार अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर पाल ने एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। जिस पर अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। बता दें कि अधिवक्ता दारोगा सिंह के पैतृक गांव किन्नूपुर में राजस्व कर्मचारी पैमाइश करने के लिए गए थे। इस दौरान राजस्व कर्मचारियों और अधिवक्ता के बीच कहासुनी हुई। जिसे लेकर प्रभारी राजस्व निरीक्षक क्षेत्र बढुआ राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर सरायलखंसी थाने में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उधर, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के किन्नुपुर गांव स्थित दलित बस्ती में जाने वाले विवादित रास्ते की जमीन की पैमाइश बुधवार को सदर एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में देर शाम तक चली। पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व की टीम ने विवादित रास्ते की भूमि की पैमाइश की गई।
विवादित खाता नंबर 424 जिसका क्षेत्रफल 1.091 हेक्टेयर है जिस पर रास्ते को लेकर विवाद था। बुधवार की सुबह सदर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ सिटी सहित राजस्व टीम भारी फोर्स के साथ किन्नुपुर गांव में पहुंचे। दलित बस्ती में रास्ते की जमीन की पैमाइश शुरू की। सदर तहसीलदार ने बताया कि छह गाटा नंबर की पैमाइश करनी है। 1.091 हेक्टेएयर क्षेत्रफल वाले गाटा संख्या 424 की पैमाइश करने में पूरा दिन बीत गया। इसी गाटा नंबर पर सबसे ज्यादा विवाद चल रहा है। गुरुवार को भी पैमाइश की जाएगी इसके बाद ही रास्ते के विवाद का निपटारा हो पाएगा।