मुहम्मदबाद गोहना के अतरारी गांव में राशन वितरण में धांधली की शिकायत के बाद मौजूद भीड़।संवाद
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील क्षेत्र के अतरारी गांव के सरकारी राशन के कोटेदार द्वारा दिसंबर और जनवरी माह में राशन कार्ड धारकों से लगवाने के बाद भी राशन न देने और नियमित राशन वितरण में अनियमितता करने पर मंगलवार को सैकड़ों कार्ड धारकों ने दुकान के बाहर हंगामा किया। कार्ड धारकों द्वारा हंगामा की जानकारी मिलने पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक आनंद यादव मौके पर पहुंचे तो कार्डधारकों की शिकायत पर गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 21.30 क्विंटल गेहूं और 9.03 क्विंटल चावल कम मिला। अनियमितता पर पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीएम पत्रावली भेजा है। अतरारी गांव के राशन वितरण में आए दिन हेराफेरी की शिकायत की जा रही है। इसको लेकर कई बार हंगामा हो चुका है। शासन द्वारा मुफ्त राशन वितरण के अंतर्गत सभी कार्डधारकों को हर माह 5 किलोग्राम प्रति यूनिट मुफ्त राशन दिया जा रहा है। उक्त राशन वितरण में भारी घोटाला किया गया है। कार्डधारकों नेआरोप लगाया कि दिसंबर और जनवरी माह में कार्डधारकों से ईपास मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं दिया गया। इसी क्रम में मंगलवार को वितरण के लिए दुकान खुली तो दर्जनों कार्डधारक मौके पर पहुंच गए और दिसंबर -जनवरी माह के राशन की मांग करने लगे। इस दौरान कोटेदार से तू तू में में के बाद हंगामा होने लगा। कार्ड धारकों की सूचना पर पूर्ति निरीक्षक आनंद यादव मौके पर पहुंचकर जांच किया तो लगभग 21 क्विंटल गेहूं और 9 क्विंटल चावल का स्टाक कम मिला।
अतरारी गांव में कोटेदार द्वारा सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की बात पूछने पर पूर्ति निरीक्षक आनंद यादव ने बताया कि कार्ड धारकों की शिकायत पर मौके पर जाकर गोदाम की जांच की गई तो वहां 21 क्विंटल गेहूं और लगभग 9 क्विंटल चावल कम पाया गया। वितरण में अनियमितता के संबंध में जांच आख्या की पत्रावली जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। वहां से आदेश मिलने के बाद अन्य कार्रवाई की जाएगी।