मझवारा (मऊ)। क्षेत्र के सेमरी जमालपुर स्थित 33/11 विद्युत उपकेंद्र के लखनी फीडर की मेन लाइन का तार जर्जर हाल में हो गया है। आए दिन तार के टूटने से कई दिनों तक बिजली गुल हो जा रही है। बिजली गुल रहने से खेती किसानी सहित कुटीर उद्योग पर विपरीत असर पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। सेमरी जमालपुर विद्युत उपकेंद्र के लखनी फीडर से लखनी, मझवारा, पवनी सहित विभिन्न गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। मेनलाइन का तार जर्जर हाल में हो गया है। आए दिन तार के टूटने से घंटों बिजली गुल हो जा रही है। तार टूटने के बाद मरम्मत कार्य में कई दिन लग जा रहा है। इससे गेहूं की सिंचाई बाधित हो जा रही है। किसानों की मानें तो आए दिन तारों के टूटने से कई दिनों तक बिजली गुल हो जा रही है। इससे सिंचाई कार्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
इस संबंध में शिवकुमार प्रसाद, चंद्रिका प्रसाद, मनोज कुमार यादव, जर्नादन प्रसाद का कहना है कि लखनी फीडर के मेनलाइन का तार जर्जर हाल में हो गया है। जर्जर तार को बदलने के लिए आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन मामले को लटका दिया जा रहा है। जर्जर तार को अविलंब नहीं बदलवाया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत अविनाश चौहान का कहना है कि जर्जर तार को बदलवाने के लिए स्टीमेट भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने पर बदल दिया जाएगा।