कोपागंज। हिकमा गाढा मोड़ के पास सोमवार सुबह बेकाबू कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बिजली निगम के कर्मी बाइक चालक और सवार घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
घोसी कोतवाली के अदहदपुर निवासी मोहम्मद साफ्फान और मोहम्मद आसिफ जिला मुख्यालय पर बिजली निगम में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। वह सोमवार सुबह रोज की तरह बाइक से 10 बजे जिला मुख्यालय जा रहे थे। अभी वह कोपागंज के हिकमा गाढ़ा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि मऊ से आ रही बेकाबू कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक मोटरसाइकिल से दूर जा गिरे। वहीं कार के सामने का बोनट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सकारात्मक बात थी दोनों हादसे के समय हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनके सिर में कोई गंभीर चोट नहीं लगी।