मऊ। जिले के पॉलिटेक्निक काॅलेज में प्रवेश के लिए अभियान चलाया जाएगा। शिक्षक स्कूल, काॅलेजों में जाकर कोर्स के फायदे गिनाएंगे।
विद्यालयों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को कॅरिअर की जानकारी देने के साथ ही प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए पॉलिटेक्निक काॅलेजों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वे कोर्स से संबंधित जानकारी प्रवेश प्रक्रिया, कंपनी में पॉलिटेक्निक छात्रों की प्लेसमेंट की जानकारी देंगे।
नगर के कंंधेरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्राॅनिक्स, टेक्सटाइल टेक्नोलाजी, टेक्सटाइल्स केमेस्ट्री ट्रेड में कुल 300 सीटें हैं। यहां प्रवेश के लिए छात्र को प्राविधिक शिक्षा परिषद की संयुक्त राज्यस्तरीय प्रवेश परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है।
प्राविधिक शिक्षा परिषद से संबद्ध पॉलिटेक्निक संस्थानों में छात्रों के आवेदन कम आ रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन की समय सीमा में अभी 23 दिन शेष हैं, लेकिन अभी तक पोर्टल पर लगभग 3500 आवेदन आए हैं। विभाग की तरफ से आवेदन पत्रों को बढ़ाने के लिए विभाग की तरफ से कवायद तेज हो गई है।
गत वर्ष कम आवेदन आने से कम अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं का प्रवेश आसानी से हो गया था। आवेदन कम आने से चिंतित प्राविधिक शिक्षा परिषद ने जनपद सहित सभी पॉलिटेक्निक काॅलेजों के प्रधानाचार्यों को गाइडलाइन जारी की है। पॉलिटेक्निक काॅलेजों के शिक्षक अपने यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध स्कूल काॅलेजों में जाकर जागरुकता शिविर लगाने और छात्रों को कॅरिअर बनाने में कोर्स के फायदे बताएंगे।
साथ ही शिक्षक काॅलेजों में जाकर कोर्सेस, उनमें प्रवेश प्रक्रिया और नौकरी के आप्शंस के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इस बाबत राजकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज के प्रधानाचार्य बीएन चौधरी का कहना है कि पॉलिटेक्निक काॅलेज में प्रवेश के लिए अधिक आवेदन करने के लिए प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। काॅलेज के शिक्षकों को स्कूल, काॅलेजों में शिविर लगाकर छात्र छात्राओं को आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए निर्देश दिया गया है।