उत्तर प्रदेश के मऊ स्थित मधुबन में रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनौर गाँव में प्रेमी-प्रेमिका का शव एक ही फंदे से लटकता मिला। घर से कुछ दूर बागीचे में आम के पेड़ पर दोनों का शव लटकता देख लोग सन्न रह गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाहते थे। मगर घर वाले इसके खिलाफ थे। वहीं, पुलिस आत्महत्या एवं ऑनर किलिंग दोनों पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है।
दोनों के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जा रहा है कि लखनौर गाँव के रुपेश राजभर पुत्र मंजीत राजभर (20) एवं सुप्रिया गोंड पुत्री संजय गोंड (15) के बीच काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की सुबह गांव से कुछ दूर स्थित राय साहब के बागीचे में दोनों का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। सुबह शौच को गए गांव के ही कुछ लोगों ने शव को देखा। देखते ही देखते यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई।
दोनों परिवारों में मचा कोहराम
घटना की सूचना पर युवक-युवती दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव को लटकता देख दोनों परिवार के लोग सन्न रह गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। युवक के परिवार वाले हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगा रहे थे। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, इस हादसे से दोनों के परिवार सहित पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
सीओ बोले-जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ मधुबन अभय कुमार सिंह का कहना था कि लखनौर गांव में युवक-युवती का शव पेड़ से लटकता मिला है। प्रथम दृष्टि में आत्महत्या का मामला लग रहा है। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात निकल कर सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।